हरिद्वार, 18 जुलाई – जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शनिवार को हरिद्वार नगर क्षेत्र में शंकर आश्रम से ऋषिकुल चौक तक खाद्य सुरक्षा एवं तहसील प्रशासन, बाट-माप विभाग तथा औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा होटलों, ढाबों, रेस्तरां, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हरिद्वार नगर क्षेत्र में 20 से अधिक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीकरण, रेट लिस्ट, कमर्शियल सिलेंडरों की जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीकरण नियमानुसार नहीं पाया गया तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन भी संतोषजनक नहीं मिला। इस पर खाद्य कारोबारियों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए 07 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार एवं पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। संयुक्त टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री को ढककर रखने, पर्याप्त डस्टबिन रखने, अपशिष्ट का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण करने तथा बासी एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों का विक्रय और भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए। पॉलीथिन पैकिंग में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के संबंध में भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए साथ ही खुली हल्दी पाउडर एवं अचार सहित 02 नमून जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।

इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पवन कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग एवं हरिद्वार–रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटलों एवं रेस्तरां का भी सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान 33 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर सभी को खाद्य पंजीकरण, अनुज्ञप्ति, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों से एफएसएसएआई के प्रावधानों के अनुरूप खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड तथा रेट लिस्ट संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग ने आमजन से भी अनुरोध किया है कि किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता अथवा मिलावट संबंधी शिकायत एफएसएसएआई टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर दर्ज कराई जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। सयुक्त निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मदन लाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र, क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी देव चंद तथा वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान प्रदीप बिजलवान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *