हरिद्वार, 24 जून – हरिद्वार महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी आज देश के सबसे बड़े मुद्दे हैं।

प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अमन गर्ग ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गहरे संकट से गुजर रहा है। वर्षों की मेहनत और सपनों के सहारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र बार-बार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब के कारण मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का सरकारी नौकरियों और परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है। गर्ग ने कहा कि उत्तराखंड में भी भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। आज स्थिति यह है कि मेहनत करने वाले युवाओं को अपनी योग्यता से अधिक सिस्टम की विफलताओं से लड़ना पड़ रहा है। अब तक देश में अनेक छात्र-छात्राएं परीक्षा संबंधी तनाव और अनिश्चितता के कारण आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर व महेश प्रताप राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानती है कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। जब बार-बार परीक्षाएं रद्द होती हैं, प्रश्नपत्र लीक होते हैं और नकल माफिया सक्रिय रहते हैं, तब युवाओं के मन में यह भावना पैदा होती है कि मेहनत और प्रतिभा का कोई मूल्य नहीं रह गया है। इससे सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर हो रही है और लाखों युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक तरफ भाजपा सरकार सशक्त नकल विरोधी कानून की बात करती है और दूसरी तरफ पटवारी परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है। सरकार 2017 से अब तक एक भी पेपर ऐसा नही करा पायी जो लीक ना हुआ हो। इसकी सबसे बडी वजह यह है कि पेपरलीक का मास्टर माइन्ड हाकम सिह सरकार की कमजोर पेरवी की वजह से बेल पर रिहा हो जाता है। सरकार नही चाहती कि देश का युवा पढे और सवाल करे क्योकि सवालों के जवाब भाजपा के पास नही है। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से मांग करती है कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। नकल माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए। लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयंबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए उनके साथ खड़ी है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

प्रैसवार्ता में अंजू मिश्रा, रचना शर्मा, अजय गिरि, राजीव भार्गव, मोहन राणा, उत्कर्ष वालिया, तीर्थपाल रवि, अंजू द्विवेदी, गौरव गोस्वामी, बीपीएस तेजियान, शुभम जोशी, अरुण चौहान, नंदन शाह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *