दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 21 फरवरी को पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पार्टी के पदाधिकारियों और तमाम प्रदेश अध्यक्षों के साथ ही राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी बैठक में आने के लिये चिट्ठी भेजी गई है। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। गौरतलब है कि बंगाल में विधानसभा का चुनाव होना है तो वहीं 2022 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, गोवा और मणिपुर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। बीजेपी के लिये कई राज्यों में सत्ता बचाने की चुनौती होगी तो कुछ राज्य ऐसे हैं जहां बीजेपी कमल खिलाने की कोशिश में जुटी है।

