देहरादून – उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। देवेंद्र यादव 14 मार्च को उत्तराखंड पहुंचेंगे और 18 मार्च तक उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।

देवेंद्र यादव पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले समेत कई विधानसभाओं का दौरा करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूती देने के साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों का भी जायजा लेंगे। गौरतलब है कि उत्तराखंड प्रभारी की ज़िमेदारी मिलने के बाद देवेंद्र यादव इससे पहले भी उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। 2017 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी में बड़ी टूट हुई थी जिसका सीधा नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ा था। पार्टी 2017 विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर ही सिमट गई थी। जबकि बीजेपी ने उत्तराखंड गठन के बाद से अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए 57 सीटें अपनी झोली में डाल ली थी। कांग्रेस 2017 चुनाव के हार को भुलाते हुए 2022 विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी का सपना सजोये बैठी है।

देवेंद्र यादव न सिर्फ संगठन में जान फूंकने की कोशिश करेंगे बल्कि बीजेपी की ज़मीन को भी हिलाने की रणनीति पर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। लेकिन सच्चाई ये है कि कांग्रेस की आपसी गुटबाज़ी ही पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है। अब देखना है सत्ताधारी पार्टी की कुर्सी हिलाने की तैयारी से पहले पार्टी की अंदरूनी झगड़े को देवेंद्र यादव कैसे शांत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *