हरिद्वार – कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। शनिवार को होने वाले माघ पूर्णिमा स्नान और आगामी कावड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के स्ट्रेन से प्रभावित राज्यों के श्रद्धालुओं के कोविड टेस्ट को अनिवार्य कर दिया है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और केरल जैसे पांच राज्यों में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने पांव पसार लिए हैं। धर्मनगरी हरिद्वार में स्नान पर्व पर देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में हरिद्वार प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता है। हरिद्वार में होने वाले आगामी स्नान पर्वो पर हरिद्वार से सटे सभी बॉर्डर पर सख्ती बरती जाएगी।
जिलाधिकारी सी0 रविशंकर ने कहा कि हरिद्वार में सभी गंगा स्नानों पर रैंडम चेकअप कराया जा रहा है। नए स्ट्रेन से प्रभावित 5 राज्यों से आने वाले लोगों की कोरोना जांच अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। जांच में जो कोई भी पॉजिटिव पाया जाएगा उसे उत्तराखंड में एंट्री नही मिलेगी उसे बॉर्डर से ही लौटा दिया जाएगा। जिलाधिकारी सी0 रविशंकर ने ये भी बताया कि उनके द्वारा कोरोना टेस्ट के लिए संसाधन बढ़ाये जा रहे है इसके लिए प्राइवेट लैब संचालको की मदद भी ली जाएगी।

