हरिद्वार – उत्तराखंड प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों ने आज देहरादून में सीएम तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोरोना के कारण आर्थिक मंदी झेल रहे व्यापारियों को सरकारी राहत दिलाने की मांग के साथ ही कई माँग को सीएम के सामने रखा।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश चेयरमैन अनिल गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सीएम तीरथ सिंह से मिला और मांगपत्र भी सौंपा। मांगपत्र में उन्होंने सरकारी देय जैसे जीएसटी, बिजली के बिल, पानी के बिल, गृह कर, बच्चों की स्कूल फीस, परिवहन व्यवसाय में लगे सभी वाहनों के बीमा, रोड टैक्स माफ किए जाने की मांग भी की।
वही प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार व्यापारियों की समस्याओं को भलीभांति समझती है और कोरोना महामारी के कारण जो व्यापार को नुकसान हुआ है उसके लिए चिंतित है। निश्चित रूप से उनकी सरकार मानवीय दृष्टिकोण के साथ व्यापारियों की समस्याओं पर मंत्रिमंडल की बैठक में गंभीरता से चर्चा करेगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश चेयरमैन अनिल गोयल के साथ हरिद्वार व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश गुलाटी, हरिद्वार व्यापार मंडल के शहर अध्यक्ष कमल बृजवासी, देहरादून से सिद्धार्थ अगरवाल, ऋषिकेश से नरेश अग्रवाल, प्रतीक कालिया, देहरादून से सुनील मेसोन, डीडी अरोड़ा तथा दीपक सिंघल शामिल रहे।

