हरिद्वार – केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में हरिद्वार स्थित बहादराबाद टोल प्लाजा पर किसानों ने धरना दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, धरना स्थल पर जुटना शुरू हो गए। इस दौरान किसानों और टोलकर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। टोल प्लाजा पर किसानों के प्रदर्शन की सूचना के बहादराबाद थाना, रानीपुर कोतवाली और सिडकुल थाने की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुँच गई। किसानों ने टोल प्लाजा के बीच मे दरी बिछाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की उपेक्षा की जा रही है। दिल्ली में अपनी जायज मांगो को लेकर प्रदर्शन करने वाले किसानों की कही सुनवाई नही हो रही है।
हरिद्वार में बने टोल प्लाजा पर भी किसानों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के मुख्यालय हरिद्वार में बने है। रुड़की , मंगलौर भगवानपुर, और नारसन आदि दूरस्थ क्षेत्रों के किसान रोजाना यहाँ आते है और टोल टैक्स देते है। किसानों से टोल टैक्स वसूलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा। जब तक उनकी माँगे पूरी नही होंगी तब तक उनका ये विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

