मयूर सैनी/सचिन
हरिद्वार – पथरी शराब कांड के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लक्सर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से सटे जंगल में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने की 5 भट्टियां, दो गैस सिलेंडर और 5000 लीटर कच्चा लहन बरामद किया। पुलिस टीम ने बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। हालांकि इस दौरान चार शराब तस्कर घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
दरअसल पथरी शराब कांड के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार टीमें बनाकर अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। बुधवार को पुलिस टीम ने प्रतापपुर गांव से सटे जंगल में छापेमारी की और कच्ची शराब बनाने की 5 भट्टियां भी बरामद की।
लक्सर कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पहले पुलिस टीम द्वारा ड्रोन कैमरे की मदद से गांव से सटे जंगलों में शराब बनाने के स्थान को चिन्हित किया गया और उसके बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई। छापेमारी की भनक लगते ही घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर चार शराब तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। साथ ही उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

