हरिद्वार – हरिद्वार के आबादी वाले क्षेत्रों में जंगली जानवरों के घुसने का सिलसिला लगातार जारी है। बीती रात जहां हरिद्वार स्थित एक कॉलोनी में हाथियों के एक झुंड के घुस आने से हड़कंप मच गया था तो वही दूसरी ओर हरिद्वार के ही गणपति धाम कॉलोनी में मगरमच्छ के घुसने की खबर सामने आई है। रात के अंधेरे में कॉलोनी में मगरमच्छ घूमता देख लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बमुश्किल मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे जाल में पकड़ कर पास में बह रही गंगा नदी में छोड़ दिया।
रेंज अधिकारी दिनेश नौटियाल ने बताया कि रात करीब 11 बजे गणपति धाम कॉलोनी में मगरमच्छ के मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे सकुशल गंगा में छोड़ दिया।

