हरिद्वार – अंकिता हत्याकांड में पुलिस ने मृतका अंकिता का शव बरामद कर लिया है। आज सुबह चीला डैम से एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने फेसबुक पेज से इसकी जानकारी दी है। सीएम धामी ने साफतौर से कहा है कि इस मामले में दोषियों को बिल्कुल भी नहीं बख्शा जाएगा। इसलिए उनके द्वारा मामले की गहराई से जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक पी रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन भी सीएम धामी द्वारा किया गया है और निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द इस मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश की जाए। वही सीएम धामी ने यह भी लिखा है कि आरोपियों के गैरकानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर देर रात बुलडोजर की कार्रवाई की गई है।

आपको बता दें कि इस मामले में पूर्व दर्जा धारी राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य और साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सीएम धामी ने लिखा कि “आज प्रातः काल बेटी अंकिता का पार्थिव शव बरामद कर लिया गया। इस हृदय विदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक पी. रेणुका देवी जी के नेतृत्व में SIT का गठन कर इस गंभीर मामले की गहराई से त्वरित जांच के भी आदेश दे दिए हैं। आरोपियों के गैर कानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर बुल्डोजर द्वारा कार्रवाई भी कल देर रात की गई है।
हमारा संकल्प है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

