मयूर सैनी/सचिन कुमार
लक्सर (हरिद्वार) – लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव में 7 बेरोजगार युवकों के साथ साढ़े तीन लाख की ठगी का मामला सामने आया है इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेड़ी खुर्द गांव निवासी सात युवकों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सभी बेरोजगार हैं और नौकरी की तलाश कर रहे थे। कुछ दिन पहले उनके गांव निवासी एक व्यक्ति ने उनकी मुलाकात यूपी के देवबंद थाना क्षेत्र निवासी से कराई थी। उस व्यक्ति ने उन्हें बताया था कि उसका चचेरा भाई एक कंपनी में काम करता है और वह उन सब की नौकरी भी इसी कंपनी में लगवा देगा। सभी लोगों ने उसकी बातों में आकर अप्रैल के महीने में करीब साढे तीन लाख रुपए दोनों आरोपियों को दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने 17 अगस्त को उन्हें जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। जॉइनिंग लेटर लेकर जब सभी युवक महिंद्रा कंपनी पहुंचे तो पता चला कि लेटर तो फर्जी है।
ठगी का अहसास होने पर जब आरोपियों से संपर्क किया गया तो दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लक्सर कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

