मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – राजाजी टाइगर रिजर्व के कई आउटसोर्स कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद पार्क का कामकाज प्रभावित हो रहा है। कर्मचारी अपने वेतन की मांग और कांट्रेक्टर पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए 3 दिनों से कार्य बहिष्कार पर है। आज राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में धरने पर बैठे कई कर्मचारियों ने पार्क प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की साथ ही ठेका प्रथा को बंद कर दूसरे माध्यमों से कर्मचारियों के समायोजन की मांग की।
राजाजी टाइगर रिजर्व के आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना है की पिछले 7 महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है जिससे उन्हें गुजर बसर करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। धरना दे रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। वहीं अधिकारियों का कहना है कि आउटसोर्स कर्मियों की हड़ताल से कई काम प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों की मांगों का समाधान जल्दी हो इसके प्रयास किया जा रहा है।

