मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – हरिद्वार जिला पंचायत बोर्ड में भाजपा ने परचम लहरा दिया है। पंचायत चुनावों के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के पद के लिए सोमवार को नामांकन किए गए। नामांकन के दिन जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए दूसरे किसी दल ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। जिसके बाद भाजपा का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई दी। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि जिले के सभी छह ब्लाक प्रमुख पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाएंगे।
गौरतलब है कि राज्य गठन के बाद पहली बार हरिद्वार जिले में भाजपा बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाने जा रही है। बीजेपी का कहना है की जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर राजेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित चौहान, लक्सर ब्लॉक प्रमुख हर्ष गौतम, भगवानपुर ब्लॉक प्रमुख करुणा करनवाल, रुड़की से लुबना राव, बहादराबाद से आशा नेगी, खानपुर से नीतीश चौधरी ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित होंगे। जबकि भगवानपुर से ज्येष्ठ प्रमुख पद पर आयुषी राकेश की जीत तय मानी जा रही है। सांसद निशंक ने चुनाव में खड़े सभी प्रत्याशियों का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

