मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित फ्लाई ओवर के पास बीते रविवार को हुई पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि लक्सर रुड़की मार्ग स्थित सोलानी नदी के पुल के पास से दोनो बदमाशो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सूचना के अनुसार गिरफ्तारी से पहले पुलिस और बदमाशो के बीच मुठभेड़ भी हुई है और इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली भी लगी है।पुलिसकर्मियों ने घायल बदमाश को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक दोनो बदमाशों के साथ अन्य साथी भी मौजूद थे जो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस टीमें फरार बदमाशों की धरपकड़ में जुटी है। वही क्षेत्र में बदमाशो के पकड़े जाने की खबर फैलते ही लक्सर पुलिस की सराहना की जा रही है। हालाकि आधिकारिक रूप से पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, उम्मीद की जा रही है की पुलिस इस मामले को जल्दी ही सामने रखेगी।

