मयूर सैनी
हरिद्वार – हरिद्वार में प्रशासन ने एक बार फिर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। गुरुवार को हरिद्वार के संत बाहुल्य क्षेत्र से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई। प्रशासन की टीम ने पुराना आरटीओ चौक से लेकर भारत माता मंदिर तक सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।
हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, सीओ सिटी मनोज कुमार ठाकुर और एसडीएम पूरन सिंह राणा समेत बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि हरिद्वार में सख्ती से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिन लोगो के मामले में कोर्ट में विचाराधीन है उन्हे छोड़कर किसी के भी अतिक्रमण को नहीं बख्शा जाएगा और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि अतिक्रमण की कार्रवाई का विरोध करने वालो पर कार्रवाई की जाएगी, इसलिए मौके पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है।

