हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को भी प्रशासन की टीम ने हर की पौड़ी से सटे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में किए अतिक्रमण पर जमकर बुलडोजर चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह और नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती की अगुवाई में सभी अतिक्रमण को तोड़कर सामान भी जब्त कर लिया गया। हालांकि इस दौरान प्रशासनिक टीम को अतिक्रमणकारियों के हल्के विरोध का सामना भी करना पड़ा।
गौरतलब है कि कुंभ मेले के साथ ही अन्य स्नान पर्वों पर रोडीबेलवाला क्षेत्र भीड़ नियंत्रण के लिए काम आता है इसलिए यहां दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए पूरे क्षेत्र की तारबाड़ की जाएगी और 10 होम गार्ड के जवान भी तैनात किए जाएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और दोबारा से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

