हरिद्वार – बॉलीवुड की आने वाली फिल्म पठान को लेकर एक राजनीतिक बहस छिड़ गई है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने भगवा रंग को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा का सबसे ज्यादा अपमान भारतीय जनता पार्टी ने किया है। भगवा रंग साधु संतो और सन्यासियो का रंग है और वो ही उसे धारण करते है। करण माहरा ने ये आरोप भी लगाया कि वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए भाजपा भगवे की बात करती है उसे महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से कोई लेना देना नहीं है।
आपको बता दें कि करण माहरा हरिद्वार स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित पूर्व विधायक दिवंगत अमरीश की जयंती समारोह में भाग लेने आए थे और इस दौरान उन्होंने भगवे रंग को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और भगवे रंग का अपमान करने का आरोप भी लगाया। हालांकि बॉलीवुड फिल्म पठान को लेकर उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं बोला बस केवल इतना कहा कि फिल्म में अश्लीलता नहीं होनी चाहिए।

