हरिद्वार – हरिद्वार में पुलिस ने 5 साल के बच्चे का अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। 9 दिसंबर को दो युवक हरिद्वार के रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से 5 साल के एक बच्चे को अपने साथ बाइक पर बैठा कर ले गए थे। सूचना मिलने पर जब पुलिस ने बच्चे की बरामदगी के लिए प्रयास तेज किए तो 16 दिसंबर को बच्चा यूपी के देवबंद से बरामद हुआ।
बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को किसी गैंग के शामिल होने का शक था। हालांकि आरोपियों से हुई पूछताछ में जानकारी मिली है कि युवकों ने अपने रिश्ते की एक निसंतान महिला को देने के लिए बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

