हरिद्वार – हरिद्वार पुलिस ने एक ऐसे फर्जी गैंग का खुलासा किया है जो सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगो से पैसे ऐंठने का काम करता है। पुलिस टीम ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमे एक महिला भी शामिल है। सभी आरोपी लक्सर क्षेत्र के निवासी है जिनके कब्जे से पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र, सरकारी विभागों की मोहरें, पुलिस की वर्दी, 3 गाड़ियां और मोबाइल फोन भी बरामद किए है। आरोपियों ने अभी तक नौकरी के नाम पर कई बेरोजगारों से करोड़ों रुपए ठग चुके है।
प्रेस वार्ता कर एसएसपी अजय सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया। अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार के गए आरोपी बॉलीवुड मूवी की तर्ज पर नामी गिरामी होटलों में बेरोजगार युवकों के इंटरव्यू लेते थे और सरकारी विभागों के फर्जी नियुक्ति पत्र तक जारी करते थे। सभी आरोपी मिलकर हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र से फर्जी भर्ती सेंटर का संचालन कर रहे थे। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम का गठन किया गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस गैंग का एक सदस्य अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिए जायेगा।

