हरिद्वार – पूर्व केंद्रीय मंत्री और हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने हरिद्वार के रोशनाबाद में अंडर 20 बालिका हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। अंतराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के गांव रोशनाबाद में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। वंदना कटारिया के नाम पर ही जिले के पहले ट्रफ वाले स्टेडियम का नाम रखा गया है जहां आज पहला मैच खेला गया। राज्य सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से यहां पहला अंडर 20 बालिका हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के उद्घाटन में वंदना कटारिया की माता जी को भी बुलाया गया था।
इस अवसर पर कई हॉकी खिलाड़ियों को हॉकी और सांस्कृतिक आयोजन के लिए उन्हें भी पुरुष्कार देकर सम्मानित किया गया। सांसद निशंक ने कहा कि मेजर ध्यानचंद और वंदना कटारिया जैसे हॉकी खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया। उत्तराखंड के हॉकी खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

इसके साथ ही सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने हॉकी खेलने वाली छात्राओं के लिए अपनी सांसद निधि से एक बस देने की घोषणा की है। बस मिलने के बाद सभी छात्राओं को बड़ी राहत मिल सकेगी। दरअसल हरिद्वार के रोशनाबाद गांव में नवनिर्मित वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम में अंडर 20 बालिका हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान हॉकी खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम के हॉस्टल में 17 छात्राएं रहकर प्रैक्टिस करती है। सभी छात्राएं हरिद्वार के दूरदराज क्षेत्रों से आती है और स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। जिसके मद्देनजर सांसद निशंक ने अपनी सांसद निधि से एक बस उन्हें देने की घोषणा की।

इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष, सीडीओ, बीजेपी जिलाध्यक्ष समेत कई खिलाड़ी और लोग मौजूद रहे।


