हरिद्वार – हरिद्वार के खानपुर थाना क्षेत्र में किसान की गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले बाप बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से पुलिस ने दो देसी तमंचे और हत्या में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। हरिद्वार स्थित रोशनाबाद कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एसएसपी अजय सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी और उसके पिता की मृतक से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। साल 2021 में मृतक ने दोनों बाप बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था जिसका बदला लेने के लिए लगातार दोनों आरोपी मौके के फिराक में थे और बीती 6 जनवरी को मौका पाकर उन्होंने खेत में काम कर रहे मृतक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। हत्याकांड के तुरंत बाद खानपुर थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया और सीओ विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आज दोनों बाप बेटे को गिरफ्तार कर लिया।

