मयूर सैनी/सचिन कुमार

हरिद्वार – हरिद्वार स्थित उत्तराखंड लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर आज दिनभर प्रदर्शन होते रहे। कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी लेखपाल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के विरोध में राज्य सरकार को घेरा और लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिकर्मियों के बीच हल्की नोकझोक भी हुई। बाद में पुलिस ने आप नेताओ को हिरासत में लेकर बस में बैठाया और थोड़ी दूर ले जाकर छोड़ दिया।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक जोत सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि जिस तरह से पटवारी भर्ती परीक्षा में नकल माफियाओं ने पेपर लीक किया है उससे साफ जाहिर होता है कि राज्य सरकार का अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं रहा है। सरकार की नाक के नीचे उत्तराखंड राज्य के बेरोजगार नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

आप के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने आरोप लगाया कि नकल माफियाओं के पीछे सफेद पोशो का हाथ है। इसलिए वो सरकार से मांग करते हैं कि सरकार हाईकोर्ट के सिटिंग जज की अध्यक्षता में लेखपाल भर्ती की जांच कराएं और दोषियों को सख्त सजा दे।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय सैनी और और प्रदेश प्रवक्ता हेमा भंडारी समेत बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *