लक्सर (हरिद्वार)- लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित कबूलपूरी रायघटी गांव निवासी एक 50 वर्षीय ग्रामीण की हत्या से सनसनी मच गई। आरोप है कि मृतक के दोस्त ने ही कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या की है और वारदात के बाद वो मौके से फरार हो गया। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं।
लक्सर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि कबूलपुरी राय घटी गांव में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

