हरिद्वार – लक्सर कोतवाली पुलिस ने जमीनी विवाद के कारण हुई किसान की हत्या में शामिल एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जो लक्सर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। रोशनाबाद स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर एसएसपी अजय सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि कबूलपुरी रायघटी गांव निवासी किसान नरेंद्र और धर्मपाल के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। बीते शुक्रवार की गांव से कुछ दूरी पर खेत में दोनों किसान शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान दोनों में कहासुनी हो गई और आवेश में आकर धर्मपाल ने नरेंद्र पर कुल्हाड़ी से वार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई ने चार लोगो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी धर्मपाल को आज गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार हुए अन्य तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

