हरिद्वार – बरसात के मौसम में हरिद्वार में गंगा तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहता है। बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल में दर्शाया कि हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। तुरंत जिले के सभी अधिकारियों को अलर्ट किया गया। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में क्विक रिस्पॉन्स टाइम चेक किया गया। एक और कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और एसएसपी अजय सिंह समेत तमाम अधिकारी डिस्पले और फोन के माध्यम से पल पल की अपडेट लेते रहे। दूसरी और श्यामपुर से होकर बहने वाली गंगा नदी में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने राहत बचाव का काम जारी रखा। इतना ही नहीं मॉक ड्रिल में गंगा किनारे राहत बचाव शिविर भी लगाए गए।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि आपदा की सूचना मिलने के बाद रिस्पॉन्स टाइम देखना ही मॉक ड्रिल का उद्देश्य था और मॉक ड्रिल में सभी लोगों ने बेहतर प्रदर्शन किया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आपदा के समय में अन्य विभागों की तरह पुलिस की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है और मॉकड्रिल में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम अच्छा रहा।

इस दौरान सीडीओ प्रतीक जैन, एडीएम पीएल शाह, बीएस बुधियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, एसीएमओ अनिल वर्मा समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।


