हरिद्वार – केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस के दाम में पचास रुपए की बढ़ोत्तरी किए जाने के बाद तमाम विपक्षी दलों द्वारा सरकार के इस फैसले का विरोध किया जा रहा है। हरिद्वार में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान हरिद्वार ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई भ्रष्टाचार हटाने का नारा देकर सत्ता में आई मोदी सरकार के राज में महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा की सरकार की इन जनविरोधी नीतियों को कांग्रेस बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी और सरकार के इन फैसलों का पुरजोर विरोध करेगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकार ने यदि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए तो कांग्रेस सड़को पर उतरकर धरने प्रदर्शन करेगी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजवीर चौहान, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

