मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – हरिद्वार की लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित ढाढेकी गांव में किशोर की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आज शाम को गांव के बाहर स्थित एक मकान के पास गड्ढे से किशोर का शव बरामद हुआ है। 17 वर्षीय मृतक किशोर का नाम कुलवीर है जो ढाढेकी का ही निवासी है। बीती 6 फरवरी की रात को कुलवीर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस किशोर की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस द्वारा गांव के ही कुछ लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो मामला सामने आया। युवक की हत्या कर उसके शव को गड्ढे में दबा दिया था।
सुरक्षा के मध्यनजर खुदाई के दौरान गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। फिलहाल पुलिस ने बरामद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लक्सर के सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। किन कारणों से किशोर की हत्या की गई थी इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

