हरिद्वार – केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे में फेरबदल हो गया है। अमित शाह अब 30 मार्च को हरिद्वार आएंगे। पहले ये दौरा 31 मार्च को प्रस्तावित था।
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन की तैयारियों में जुटा हुआ है। अमित शाह गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे, साथ ही हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड में सहकारिता विभाग के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
इस कार्यक्रम में हजारों की तादाद में लोगों के आने का अनुमान है। वहीं रामनवमी के मौके पर पतंजलि योगपीठ में चल रहे सन्यास दीक्षा कार्यक्रम में भी अमित शाह शिरकत करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है।
हरिद्वार के डीएम विनय शंकर पांडे और एसएसपी अजय सिंह ने खुद निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। दोनों ही अधिकारियों ने अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है।

