हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार में आज से कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत हो गई है। मेले के पहले दिन हरिद्वार जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और एसएसपी ने गंगा पूजन किया और मां गंगा से मेले को सकुशल संपन्न कराने की कामना की।
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और एसएसपी अजय सिंह ने गंगा पूजन के साथ कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत की। पूरे मेला क्षेत्र को 12 सुपर जोन, 33 जोन और 153 सुपर जोन में बांटकर अधिकारियों की तैनाती कर दी है। पुलिस, पीएसी के जवानों के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।
कांवड़ मेले के पहले दिन धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ियों की भारी भीड़ दिखाई दी। यूपी, दिल्ली और हरियाणा समेत अन्य पड़ोसी राज्यों से कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे और पैदल ही अपने गंतव्यों को रवाना हो गए। महाशिवरात्रि के पर्व पर ये सभी कांवड़िए अपने घर पहुंचेंगे और नजदीकी शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ मेले की शुरुआत पर पैदल कांवड़ियों का आगमन शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और इस बार अनुमान लगाया जा रहा है कि चार करोड़ से भी ज्यादा कांवड़िए हरिद्वार पहुंचेंगे।

