हरिद्वार – कांवड़ मेला के दौरान खाद्य आपूर्ति में मिलावट की अक्सर शिकायतें सामने आती रहती हैं। पिछले कुछ वर्षों में सबसे ज्यादा शिकायत दुग्ध उत्पादों को लेकर होती रही है। हर वर्ष खाद्य महकमा विशेष अभियान चला कर कार्यवाही भी करता है। वही आज तड़के मुखबिर की सूचना पर खाद्य महकमे ने शांतिकुंज के निकट दो वाहनों को रोककर जब उनकी तलाशी ली तो उसमें 8 क्विंटल के करीब पनीर मिला। मौके पर ही खाद्य महकमे द्वारा इस पनीर की जांच की गई तो वह मिलावटी निकला। अधिकारियों के अनुसार यह पनीर सहारनपुर के देवबंद से हरिद्वार ऋषिकेश में सप्लाई किया जा रहा था। आज भी ये मिलावटखोर इस खेप को ऋषिकेश पहुंचाने जा रहे थे, उसी दौरान खादय महकमे की टीम ने इन को मौके से ही दबोच लिया।
कांवड़ मेले के लिए विशेष टीम गठित, लगातार चलती रहेगी छापेमारी
वही कांवड़ मेले के दौरान अक्सर इस तरह के नकली खाद्य पदार्थ की शिकायतें मिलती रहती हैं इसको लेकर विशेष टीम गठित की गई है खाद्य महकमे में डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल मंडल आर एस रावत के द्वारा ही इस अभियान को लीड किया गया था शांतिकुंज के निकट पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जहां वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर इस पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है। वही कुछ सैंपल रुद्रपुर जांच के लिए भी भेजे गए हैं। मौके पर मौजूद डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल मंडल आर एस रावत ने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है मौके पर पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जाएगी वह किन स्थानों पर और लोग सक्रिय हैं उनके खिलाफ भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।

