मयूर सैनी/सचिन कुमार
हरिद्वार – लक्सर के कुआं खेड़ा गांव के पास नदी का बंधा टूटने के कारण लक्सर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को अलर्ट किया।
गौरतलब है कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते लक्सर के दर्जनों गांव से होकर बहने वाली सोनाली नदी भी उफान पर है। जिसकी वजह से कुआं खेड़ा गांव के पास नदी का बंधा टूट गया। बंधा टूटते ही नदी का पानी दूसरी तरफ बहने लगा। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है और बंधे की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। यदि वक्त रहते बंधे की मरम्मत का कार्य नहीं किया गया तो लक्सर क्षेत्र में और भी ज्यादा पानी आने का खतरा बढ़ सकता है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए नदी के आस पास न जाने को कहा है।

