हरिद्वार – गैंगस्टर के नाम से लक्सर शुगर मिल प्रबंधक से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी शुगर मिल का पूर्व कर्मचारी है। एक्सटेंशन बढ़ाने की मांग पूरी ना करने पर उसने शुगर मिल प्रबंधक को सबक सिखाने की योजना बनाई थी।

गौरतलब है कि बीती 10 जुलाई को लक्सर शुगर मिल के प्रबंधक एसपी सिंह ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्हें रजिस्टर्ड डाक के जरिए एक पत्र मिला है। पत्र भेजने वाले गैंगस्टर ने 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। रंगदारी न देने पर उसने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। तहरीर मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज किया और लक्सर के सीओ मनोज ठाकुर और कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ी और मामले की तह तक पहुंच गई। कामयाबी हासिल करते हुए पुलिस ने आरोपी लोकेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में लोकेश कुमार शर्मा ने बताया कि साल 2019 में वह शुगर मिल से रिटायर हो गया था तत्कालीन प्रबंधक ने उन्हें 4 साल का एक्सटेंशन दे दिया। साल 2023 में उसका एक्सटेंशन खत्म हो गया तो उसने वर्तमान प्रबंधक एसपी सिंह से एक्सटेंशन बढ़ाने की मांग की लेकिन एसपी सिंह ने एक्सटेंशन बढ़ाने से इंकार कर दिया। तंग आकर उसने एसपी सिंह को सबक सिखाने की योजना बनाई और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लोरेंस विश्नोई के नाम से रजिस्टर्ड डाक के जरिए ₹10000000 की रंगदारी मांगी। लक्सर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *