हरिद्वार – हरिद्वार पुलिस ने चोरी की गई गाड़ी के साथ गिरोह को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चुराई गई थार गाड़ी का पीछा करते हुए हरियाणा पहुंची हरिद्वार पुलिस टीम ने 28 जुलाई को अत्मलपुर बोंगला निवासी मनीष कुमार के घर के बाहर से चुराई गई महिन्द्रा थार को 48 घंटे के भीतर बरामद की। मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने वाहन चोरी में प्रयुक्त आधुनिक उपकरण, हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट व लॉक बरामद करने में सफलता हासिल की है।
शिकायतकर्ता की तहरीर पर 28 जुलाई को थाना बहादराबाद पर मु0अ0स0 304/23 धारा 379 भादवि बनाम अज्ञात के विरुद्ध पंजीकृत किया गया था। एसएसपी अजय सिंह द्वारा वारदात पर सख्त रुख अपनाते हुए अलग-अलग टीमें गठित की गई। टीमों को दूसरे राज्यों में रवाना किया गया था और अधीनस्थों के माध्यम से पल-पल की जानकारी ले रहे थे।
इस सनसनीखेज घटना के बाद विभिन्न CCTV फुटेज के आधार पर अभियुक्तों का पीछा कर रही टीम ने मुख्य अभियुक्त रतन सिंह मीना को ग्राम जैदापुर, परवल हरियाणा से स्थानीय पुलिस की मदद से हिरासत में लिया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई थार सहित चोरी में प्रयुक्त किये जाने वाले उपकरण, कई सारी फर्जी आरसी/आईडी इत्यादि बरामद की। मौके का फायदा उठाकर भागे अन्य अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

