हरिद्वार – हरिद्वार के डीएवी स्कूल में पढ़ने वाले चार बच्चों का उत्तराखंड बास्केटबॉल की राज्य स्तरीय टीम में सिलेक्शन हुआ है। चारों बच्चे पांडिचेरी में होने वाली राष्ट्रीय अंडर 14 बॉलीवुड चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्कूल के प्रिंसीपल मनोज कपिल ने चारों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन करने का भरोसा जताया। मनोज कपिल ने बताया कि उनके स्कूल के कोच संजय चौहान की मेहनत और बच्चों के कठिन परिश्रम का फल है कि डीएवी स्कूल के चार बच्चों का उत्तराखंड बास्केटबॉल की टीम में चयन हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पांडिचेरी में होने वाली प्रतियोगिता में जीत हासिल करके बच्चे, स्कूल के साथ साथ उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
मनोज कपिल ने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्कूल में रोजाना अलग से 1 घंटे की प्रैक्टिस बच्चों को कराई जाती है। कोच संजय चौहान ने बताया कि हरिद्वार से उत्तराखंड अंडर 14 की टीम में छह बच्चों का चयन हुआ है। छह में से चार बच्चे डीएवी स्कूल के छात्र हैं और दो बच्चे डीपीएस स्कूल में पढ़ते हैं। जिला स्तर पर खेलने के बाद बच्चो का राज्य स्तर पर चयन होता है। उन्हे पूरा विश्वास है कि पांडिचेरी में बच्चे अच्छा प्रदर्शन कर स्कूल और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

