हरिद्वार – हरिद्वार में बीती रात खानपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में चार लोग सवार थे खानपुर से आगे लक्सर की तरफ एक पेट्रोल पंप के पास जैसे ही यह गाड़ी पहुंची, तभी गाड़ी चला रहे चालक को नींद की झपकी आ गई।गाड़ी इतनी तेज गति में थी कि ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और सीधा गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बीती रात करीब 3:45 बजे यह हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गाड़ी में फंसे हुए दो घायलों को बाहर निकाल तुरंत 108 एंबुलेंस पर सूचना दी गई और एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों मृतक खानपुर थाना क्षेत्र के माडाबेला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जबकि घायल दोनों युवकों को अस्पताल भेजा गया जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
खानपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और गाड़ी में घायल पड़े दोनों लोगों को बाहर निकाल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

