हरिद्वार – उन्नत भारत अभियान के तहत आज हरिद्वार के लालढांग स्थित गेंडीखाता गांव में ई-स्मार्ट क्लिनिक की शुरुआत की गई। गेंडीखाता पहला गांव है जहां पर मॉडल ई क्लिनिक की शुरुआत की गई है। आईआईटी दिल्ली एवं लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्री के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना की यहां से शुरुआत की गई है।
इस स्मार्ट क्लीनिक के माध्यम से गांव में ही लोगों की 30 से भी अधिक स्वास्थ्य जांच की जा सकेगी और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन विशेषज्ञ डॉक्टरों से चिकित्सीय परामर्श लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्री के निदेशक मानव तेली ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पहली बार ई क्लिनिक हरिद्वार में शुरू किया गया है। इसकी सफलता के बाद भारत के 16000 गांव में इसे शुरू किया जाएगा। जिससे ग्रामीण एक स्थान पर बैठकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी 30 से अधिक जांच करवा सकेंगे और बड़े शहरों में बैठे विशेषज्ञ डाक्टरों से ऑनलाइन परामर्श एवम दवाएं लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

