हरिद्वार – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरिद्वार के जूना अखाड़े में स्थित मायादेवी मंदिर और भैरों मंदिर में पूजा अर्चना की और यज्ञ अनुष्ठान में भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जूना अखाड़े में आयोजित संत सम्मेलन में भी भाग लिया।
साधु संतो ने जेपी नड्डा को आशीर्वाद देने के साथ ही भाजपा का साथ देने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव में धर्म का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे दलों को समर्थन नहीं देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को न तो जनेऊ पहनना आता है और न ही आरती करनी आती है। लेकिन चुनाव के समय में धर्म का उपयोग करना जरूर आता है और ऐसे लोगों को चुनाव में साधु संतो का आशीर्वाद नहीं मिलना चाहिए।
इंडिया गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव के समय में सनातनी ताकतों को कलंकित करने का काम करते हैं और कुछ राजनीतिक दल चुप्पी साध लेते हैं। ऐसे राजनीतिक दलों को भी साधु संतो का समर्थन नहीं मिलना चाहिए।

