हरिद्वार – उधम सिंह नगर के नानकमत्ता गुरद्वारे के मुख्य ग्रंथि बाबा तरसेम सिंह की हत्या में शामिल मुख्य शार्प शूटर मुठभेड़ में मारा गया है। हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में देर रात मुठभेड हुई। मुठभेड़ में मारे गए बदमाश अमरजीत सिंह पर उधम सिंह नगर पुलिस ने ₹100000 का इनाम भी घोषित किया हुआ था। पिछले कई दिनों से उधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।

आईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल ने बताया कि देर रात पुलिस और एसटीएफ को सूचना मिली थी की भगवानपुर क्षेत्र में कुख्यात अमरजीत सिंह बाइक पर अपने एक साथी के साथ दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की टीमों ने बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में अमरजीत सिंह घायल हो गया जिसे तुरंत ही रुड़की सिविल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में फरार हुए दूसरे बदमाश की गहनता से तलाश की जा रही है।