रांची (झारखंड) – लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय रांची में आज झारखंड के विभिन्न जिलों से आये लोगों ने पार्टी में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बोकारो से सतीश कुमार, लातेहार से संतोष कुमार को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि सिल्ली के वासुदेव बाउरी को खेल प्रकोष्ठ में उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष भी मनोनीत किए गये हैं।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने पार्टी की सदस्यता लेने वाले लोगों का दिल से स्वागत किया और धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी की नीति और नियत से प्रभावित होकर प्रदेश में सैकड़ों लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूरदर्शी विजन वाले हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी पर लोग अपनी आस्था व्यक्त करते हुए दूसरे दलों से भी जुड़ रहे हैं।

वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रदेश में पार्टी की लोकप्रियता में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन सभी को एक नजर से देखती है और काम करने वाले हर कार्यकर्ता का पार्टी में अपनी पहचान, अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि लोक जनशक्ति पार्टी बहुत जल्द राष्ट्रीय पार्टी बनकर उभरेगी।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता उमेश तिवारी, खेल सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता रंजन, एससी/एसटी प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष अशोक सोरेन, पलामू महानगर अध्यक्ष शशांक शेखर, उमेश पासवान, रवि चौबे व अन्य लोग उपस्थित थे।