देहरादून – उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा की गई टिप्पणी पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को शिकायत सौंपी हैं। शिकायत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि 4 और 6 जनवरी 2026 को गणेश गोदियाल ने फेसबुक और सार्वजनिक मंचों पर मंत्री रेखा आर्या के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसे दलित महिला मंत्री की छवि खराब करने का सोची-समझी साजिश करार देते हुए इसे महिला और दलित विरोधी बयान बताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी निंदनीय और असहनीय है, जो पूरे प्रदेश में दलितों, महिलाओं और आम जनमानस में रोष पैदा कर रही है।
शिकायत करने वालों में गजराज सिंह भाकुनी, भुवन जोशी, दीपक आर्या, भूपाल सिंह मेहरा, तुषार गर्ग, वदना आर्या और मीनाक्षी आर्या शामिल हैं।
इसके साथ ही गणेश गोदियाल के खिलाफ विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में मंत्री रेखा आर्य के समर्थकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर कांग्रेस व गणेश गोदियाल का पुतला फूंक कर गोदियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
अब देखना है कि इन आरोपों पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

