हरिद्वार, 22 जनवरी – उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संगठन शाखा हरिद्वार के द्विवार्षिक चुनाव गुरुवार को देवपुरा स्थित संगठन कार्यालय पम्प संख्या 38 में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। चुनाव परिणामों में शाखा अध्यक्ष पद पर रघुवीर सिंह रावत का चयन हुआ जबकि शाखा सचिव पद पर अमित कुमार लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए। वरिष्ठ शाखा उपाध्यक्ष के रूप में दिवाकर निर्वाचित किए गए। शाखा उपाध्यक्ष पद पर वाकर मोहम्मद रज्जा और सुरेन्द्र यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई। कोषाध्यक्ष के रूप में संजय शर्मा का चयन हुआ।

गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई चुनाव प्रक्रिया, चुनाव अधिकारी राहुल असवाल और नत्थी सिंह की देखरेख में पूरी की गई। इस दौरान संगठन के पूर्व अध्यक्ष अशोक हरदयाल भी मौजूद रहे। चुनाव में संगठन के 78 सदस्यों ने सहभागिता की और सभी पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इस दौरान मीडिया प्रभारी पद की जिम्मेदारी मयंक रावत को दी गई। संगठन सचिव के रूप में रमेश कुमार तथा हरिओम (गंगा डिवीजन) निर्वाचित हुए। संयुक्त सचिव पद पर नेहा गौड़ और दिनेश चौहान चुने गए। सम्परीक्षक पद पर आरती शर्मा, कार्यालय सचिव के रूप में मालदत्त सती तथा प्रचार सचिव पद पर विष्णु दत्त जोशी, विश्वास चौहान और जगदीश शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चुनाव के सफल आयोजन पर गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प जताया।


