हरिद्वार – डीपीएस दौलतपुर ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करते हुए CBSE बोर्ड परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा के बल पर उच्चतम अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
97.8% के शानदार अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ मिश्रा ने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे स्कूल परिवार ने एकजुट होकर इस सफलता का उत्सव मनाया। विद्यालय परिसर गर्व और उत्साह से सराबोर हो उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सफल छात्रों का अभिनंदन किया और उनकी मेहनत की सराहना की। यह उत्कृष्ट परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक प्रतिफल है। विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

