हरिद्वार, 16 अप्रैल – इंकलाबी मजदूर केंद्र ने गुड़गांव, मानेसर, फरीदाबाद व नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे मजदूरों पर लाठीचार्ज एवं झूठे मुकदमें दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, सभी मुकदमें वापस लेने और गिरफ्तार किए गए मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधियों को रिहा करने की मांग की है।
प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए इंकलाबी मजदूर केंद्र की हरिद्वार इकाई के सचिव पंकज ने कहा कि मजदूर वेतन बढ़ाने, ओवर टाइम दोगुना करने, श्रम कानूनों का पालन आदि मांगों को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। 9 अपैल को कंपनी संचालन से जुड़े लोगों ने बाहरी तत्वों की मदद से तोड़फोड़ और आगजनी कर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया। जिस पर पुलिस ने मजदूरों पर लाठीचार्ज किया और 56 मजदूरों जिनमें 20 महिलाएं शामिल हैं को गिरफ्तार कर लिया। मजदूरों पर मुकदमें दर्ज करने के साथ कई मजदूर यूनियनों के कई प्रतिनिधियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पंकज कुमार ने मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी मजदूरों और मजदूर प्रतिनिधियों को तत्काल रिहा किया जाए। सभी मुकदमें वापस लिए जाएं। केंद्र व हरियाणा सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराए।

