हरिद्वार, 3 सितंबर – जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में जनपद हरिद्वार के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। योजना के तहत जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर जूनियर स्तर (कक्षा 6) एवं माध्यमिक स्तर (कक्षा 9) की छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 02 सितम्बर 2026 को सचिव, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखण्ड ज्योति यादव, आईएएस द्वारा घोषित किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार जूनियर स्तर (कक्षा 6) में वर्ष 2026-27 में कुल 4,795 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 363 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। जबकि वर्ष 2025-26 में इस स्तर पर 1,288 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे और 88 का चयन हुआ था। इसी प्रकार माध्यमिक स्तर (कक्षा 9) में वर्ष 2026-27 में कुल 3,845 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 303 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पिछले वर्ष इस स्तर पर 1,686 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 122 का चयन हुआ था। उन्होंने बताया कि दोनों स्तरों को मिलाकर इस वर्ष जनपद हरिद्वार से कुल 666 छात्र-छात्राओं का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ है। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है, जो जनपद में विद्यार्थियों की बढ़ती सहभागिता और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धि को दर्शाती है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम एवं चयन सूची एससीईआरटी उत्तराखण्ड छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है। विद्यार्थी अपने रोल नंबर एवं जन्मतिथि दर्ज कर पोर्टल पर परीक्षा परिणाम और चयन की स्थिति देख सकते हैं।
