हरिद्वार, 6 अक्टूबर – उत्तराखण्ड जल संस्थान कर्मचारी संगठन (गढ़वाल मण्डल) द्वारा आगामी कुम्भ मेला-2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला क्षेत्र (जल संस्थान ट्यूबलवेल के निकट) में स्थित विभाग के 04 आवासीय क्वार्टरों को खाली करवाए जाने के संदर्भ में मेलाधिकारी/अपर मेलाधिकारी, कुम्भ मेला-2027 को एक पत्र प्रेषित किया गया है।
संगठन के मण्डल अध्यक्ष प्रवीन सैनी एवं मण्डल महामंत्री विपिन उनियाल ने संयुक्त रूप से अवगत कराया कि उक्त 4 आवासों में कर्मचारी विगत कई वर्षों से अपने परिवारों के साथ निवासरत हैं। यदि बिना किसी पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक इन क्वार्टरों को खाली करवाया जाता है, तो कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के समक्ष समस्या उत्पन्न हो जाएगा।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि विभाग एवं समस्त कर्मचारी मेला व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूर्ण सहयोग देने हेतु सहर्ष तैयार हैं। किन्तु मानवीय आधार पर कर्मचारियों के बेघर होने की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है। संगठन द्वारा प्रशासन से विनम्र अनुरोध किया गया है कि कर्मचारियों को मानसिक एवं आर्थिक स्थिति का सामना करने से बचाने हेतु हरिद्वार स्थित सिंचाई विभाग के रिक्त क्वार्टरों अथवा बी०एच०ई०एल० (BHEL) परिसर के उपलब्ध क्वार्टरों में तत्काल वैकल्पिक रूप से आवास आवंटित किए जाएँ।
इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रतिलिपि ज़िलाधिकारी हरिद्वार, मुख्य महाप्रबंधक (देहरादून), अधीक्षण अभियन्ता (हरिद्वार) तथा अधिशासी अभियन्ता (अनुरक्षण खण्ड, हरिद्वार) को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
