हरिद्वार, 25 अक्टूबर – हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियां चल रही है। शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ ही सौंदर्यीकरण के कार्यों को गति दी जा रही है। कहीं दुकानों के बाहर पीली पट्टी लगाकर अतिक्रमण की सीमा निर्धारित की गई तो कहीं सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे हटाए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में मनसा देवी मार्ग की गली से हरकी पैड़ी तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान और अन्य अवैध कब्जों को हटवाया। दुकानदारों को निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही सामान रखने के निर्देश दिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने पर उसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से शहर के सौंदर्यीकरण का काम भी तेज किया जा रहा है। एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह ने रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
