हरिद्वार – कोविड के तमाम नियमों और गाइडलाइन के बीच हरिद्वार में महाकुंभ कि पहली पेशवाई निकली। नागा सन्यासियों के सबसे बड़े अखाड़े कहे जाने वाले श्री निरंजनी और श्री आनंद अखाड़े की आज पेशवाई निकली गई। हरिद्वार के एसएमजन पीजी कॉलेज में बनाई गई निरंजनी और आनंद अखाड़े की छावनी से पूरे जोश खरोश के साथ संतों की पेशवाई निकली। पेशवाई देखने के लिये इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा। निरंजनी अखाड़े की पेशवाई का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। इसके बाद शहर के विभिन्न मार्गों से यह पेशवाई गुजरी। पेशवाई का लोगों ने फूल बरसा कर स्वागत किया। पैराग्लाइडिंग और हेलीकाप्टर की मदद से भी पेशवाई पर फूलों की वर्षा की गई। पेशवाई में पूरे शाही अंदाज में साधु संत अपने-अपने रथों पर बैठकर निकले। पेशवाई में बड़ी संख्या में हाथी, ऊंट और घोड़े भी शामिल रहे।

