हरिद्वार – शनिवार को हरिद्वार एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने लगातार दो खुलासे किए। हरिद्वार की बहादराबाद थाना पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपी और सिडकुल थाना पुलिस ने तीन वाहन चोरो को गिरफ़्तार किया है जिनके पास से चोरी की गई 6 मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
बहादराबाद थाने में प्रेस वार्ता कर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि बीती 2 मार्च को सीएनजी पेट्रोल पंप पर काम करने वाले मैनेजर अपने घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनका बैग लूटने का प्रयास किया लेकिन इस इरादे में वह सफल नहीं हो पाए। पीड़ित ने इसकी सूचना बहादराबाद थाने को दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया जिन्होंने सख्ती से पूछताछ में स्वीकार किया कि मैनेजर के साथ लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास उनके ही द्वारा किया गया था। इस मामले में उनकी मदद राहुल नाम के युवक ने की थी जो मैनेजर के सीएनजी पंप पर ही काम करता है। पुलिस ने तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


वही इसके बाद सिडकुल थाने में प्रेस वार्ता कर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार एसएसपी के निर्देश पर थाना सिडकुल पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 3 लोगों को गिरफ्तार किया जिनके पास से चोरी की गई 6 मोटरसाइकिल बरामद हुई है। फिलहाल इन तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है कि कहीं वाहन चोर गिरोह के सदस्य तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *