हरिद्वार – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार पहुंचे जहां उन्होंने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर सरकार द्वारा डीजल गैस पेट्रोल के दामों में की गई बढ़ोतरी का विरोध जताया। इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी अनुपमा रावत भी मौजूद रही। हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में हरीश रावत ने दर्जनों लोगों को कांग्रेस की सदस्यता भी दिलाई। इस दौरान हरीश रावत ने महंगाई, बेरोजगारी पर निशाना भी साधा। हरीश रावत ने उत्तराखंड में चल रही उठापटक को लेकर भी राज्य सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि भाजपा चेहरे बदलने में विश्वास रखती है इसलिए मुख्यमंत्री का चेहरा बदलना चाहती है। ये लोग चाहे कोई भी चेहरा लेकर आये लेकिन 2022 में सत्ता परिवर्तन जरूर होगा। बीजेपी जाएगी और कांग्रेस सरकार आएगी।
मंच को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि जब से कांग्रेस कार्यकर्ता जोश में आए हैं तब से बीजेपी सरकार के कदम लड़खड़ा गए हैं। उत्तराखंड में जिस तरह से बीजेपी सरकार में उठापटक चल रही है, हो सकता है शाम तक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री भी ना रहे। हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह सरकार जब से सत्ता में आई है तब से उन्होंने कोई विकास काम नहीं किए हैं और यही कारण है कि अब मुख्यमंत्री की कुर्सी खतरे में है। हालाँकि उन्होंने ये भी कहा कि ये बीजेपी का अपना अंदरूनी मामला है। त्रिवेंद्र सिंह रावत जनता की उम्मीद पर खरी नही उतरी और जनहित में उनकी सरकार ने जितनी भी योजनाओं को लागू किया था वो सब बंद कर दी गई है।

