हरिद्वार – मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कुंभ कार्यों का लोकार्पण किया। हरिद्वार पहुंचते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले हर की पौड़ी पहुंचे और माँ गंगा की पूजा अर्चना की। माँ गंगा की पूजा करने के बाद मुख्यमंत्री मीडिया सेंटर पहुंचे जहां उन्होंने 120 करोड़ 23 लाख रुपए की 36 योजनाओं का लोकार्पण किया। मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, बीजेपी विधायक आदेश चौहान, विधायक सुरेश राठौड़ और राज्यमंत्री स्वामी यतिस्वरानंद सहित मेला अधिकारी दीपक रावत, मेला आईजी संजय गुंज्याल सहित मेले प्रशासन के अधिकारी और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेला प्रारंभ हो गया है, देश विदेश के जो श्रद्धालु वर्षों से कुंभ स्नान करने का सपना संजोय बैठे हैं वह कुंभ में बेरोक टोक स्नान करने के लिए आए। वही उन्होंने कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालु को भारत सरकार की गाइड लाइन का पालन करने की अपील भी की। सीएम ने कहा कि मास्क लगाएं सैनिटाइजर का प्रयोग करें और सुरक्षित स्नान करके अपने घर वापस जाएं। कुंभ मेले का आयोजन होने से अखाड़ा परिषद के साधु संत और व्यापारी समेत हरिद्वार का हर वर्ग भी खुश हैं। प्रदेश में पहले जो वातावरण बन गया था कि आप हरिद्वार नहीं आ सकते हैं और तरह-तरह की पाबंदी लगा दी गई हैै। अब प्रदेश में वातावरण पूरी तरह से बदल गया है बे रोक टोक कुम्भ में आए और स्नान करें।

